3 साल की मासूम का अपहरण करने वाला आरोपी 1 घंटे में गिरफ्तार, जनता ने लगाए जयकारे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिमी जिला अंतर्गत ‘थाना अशोक विहार’ की टीम ने सक्रिय पुलिसिंग और जन-संवेदनशीलता की एक अद्वितीय मिसाल पेश की है। पुलिस ने वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया से अगवा की गई 3 वर्षीय मासूम बच्ची को महज एक घंटे के भीतर न केवल सकुशल बरामद किया, बल्कि आरोपी को भी रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गदगद होकर स्थानीय निवासियों ने “दिल्ली पुलिस ज़िंदाबाद” के नारे लगाकर अपनी खुशी और पुलिस के प्रति विश्वास जाहिर किया

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 22 फरवरी की देर रात बजाज फैक्ट्री के पास से एक बच्ची के अपहरण की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई रोहित चाहर (चौकी प्रभारी WPIA), एसआई राकेश, हेड कांस्टेबल पवन, मनोज और अजय शामिल थे।

पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों और फैक्ट्रियों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान 47 वर्षीय अमित पुत्र दलचंद के रूप में हुई, जो उसी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और उसे रियल-टाइम ट्रैकिंग पर लगा दिया। सटीक समन्वय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध क्षेत्र की घेराबंदी कर छापेमारी की और वारदात के एक घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।

देर रात जब पुलिस टीम मासूम बच्ची को गोद में लेकर सुरक्षित घटनास्थल पर पहुँची, तो वहां मौजूद सैकड़ों लोगों का हुजूम पुलिस की कार्यक्षमता देखकर भावुक हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर पुष्प वर्षा की और नारों के साथ उनका आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसकी मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस सफल ऑपरेशन ने न केवल एक मासूम की जान बचाई, बल्कि क्षेत्र में फैलने वाली संभावित दहशत को भी प्रभावी ढंग से रोक दिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More