आधी रात को लापता हुई थीं 4 साल की दो बच्चियां; दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी से मंगोलपुरी में मिलीं सकुशल, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिमी जिला अंतर्गत ‘थाना सुभाष प्लेस’ की टीम ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए दो लापता मासूम बच्चियों को महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयासों के चलते इन 4 वर्षीय बच्चियों को मंगोलपुरी इलाके से तलाश कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 24 और 25 फरवरी की मध्य रात्रि को शकरपुर गाँव से दो बच्चियों के लापता होने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। बच्चियों की माताओं ने बताया कि उनकी बेटियां घर के पास से अचानक गायब हो गई हैं और काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी सुभाष प्लेस सृष्टि भट्ट के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक तेजपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास खान, प्रवेश, हरेंद्र और महिला हेड कांस्टेबल रेनू कुमार शामिल थे।

पुलिस टीम ने तुरंत बहुआयामी रणनीति अपनाते हुए शकरपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। साथ ही, बच्चियों के फोटो और विवरण दिल्ली के सभी थानों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में प्रसारित किए गए। टीम ने ग्राउंड इंटेलिजेंस और तकनीकी इनपुट का गहन विश्लेषण किया, जिससे सुराग मिला कि बच्चियां मंगोलपुरी क्षेत्र की ओर जा सकती हैं।

निरंतर प्रयासों और व्यापक स्तर पर की गई घेराबंदी के परिणामस्वरूप, टीम ने दोनों बच्चियों को मंगोलपुरी इलाके से सुरक्षित ढूंढ निकाला। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, आधी रात को ही बच्चियों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय दृष्टिकोण का हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने टीम के इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More