जन्मदिन की पार्टी के बाद युवक को चाकू और बीयर की बोतल से उतारा मौत के घाट, 5 हमलावर पकड़े गए

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना बुध विहार की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 25 वर्षीय युवक राजा उर्फ मंगल सिंह की हत्या के मामले को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है और चार किशोरों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था।

रोहिणी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव रंजन ने बताया कि 22-23 फरवरी की दरमियानी रात सेक्टर-24, बुध विहार स्थित जेजे कॉलोनी में राजा नामक युवक पर जानलेवा हमला हुआ था। हमलावरों ने चाकू और बीयर की बोतल से उस पर वार किए थे, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी प्रशांत विहार रामफूल मीणा के मार्गदर्शन और कार्यवाहक थाना प्रभारी संदीप गोदारा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर संजय, एसआई सुमित, साहिल और हेड कांस्टेबल विकास व मंदीप की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर हमलावरों का सुराग लगाया। पुलिस की टीमों ने सोनीपत, पानीपत और हरिद्वार में कई ठिकानों पर छापेमारी की। कड़ी मेहनत के बाद 24 फरवरी को पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीश झा (19), निवासी बुध विहार फेज-II को गिरफ्तार कर लिया और उसके साथ शामिल 4 नाबालिगों को भी दबोच लिया। आरोपी अनीश झा पहले से ही स्नैचिंग और चोरी के 4 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि 20 फरवरी को मृतक राजा और आरोपियों के बीच एक मामूली झगड़ा हुआ था, जिसमें एक आरोपी की पिटाई हुई थी और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजना बनाई। वारदात वाली रात सभी आरोपी एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे, तभी उन्होंने राजा को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू, बीयर की बोतल और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More