प्रेम नगर पुलिस ने इलाके के शातिर लुटेरे को दबोचा, 4 मोबाइल और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के तहत प्रेम नगर थाना पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार लूटे गए मोबाइल फोन और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इलाके में सक्रिय झपटमारी, लूट और आर्म्स एक्ट के तीन प्रमुख मामलों को सुलझा लिया है।

रोहिणी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव रंजन ने बताया कि जिले में स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए रणनीतिक स्थानों पर पिकेट लगाकर चेकिंग और गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी अमन विहार अजय वेदवाल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में एसआई कुलदीप, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, जोगिंदर और कांस्टेबल ओजेश कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई थी।

23 और 24 फरवरी की दरमियानी रात जब पुलिस टीम मुबारकपुर डबास के शर्मा कॉलोनी रोड पर गश्त कर रही थी, तब उन्होंने एक संदिग्ध युवक को घूमते हुए देखा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि ये सभी फोन प्रेम नगर थाना क्षेत्र से ही चोरी या लूटे गए थे।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय चाँद, निवासी जखीरा, मोती नगर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चाँद एक आदतन अपराधी है और पहले भी इसी तरह के दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीदारों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More