कर्ज से बचने के लिए सगे भाइयों ने चाकू से गोदकर साहूकार को उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना अमन विहार की टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कर्ज के बोझ से छुटकारा पाने के लिए अपने ही साहूकार की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नजफगढ़ नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने न केवल आरोपियों को दबोचा, बल्कि उनकी निशानदेही पर मृतक का शव भी बरामद कर लिया है।

रोहिणी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव रंजन ने बताया कि रोहिणी सेक्टर-20 निवासी 50 वर्षीय अजय कुमार 19 फरवरी से लापता थे। वे आखिरी बार प्रेम नगर-II में अपनी मोटरसाइकिल पर देखे गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसीपी अजय वेदवाल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विजय सामरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध युवक चेहरा ढककर अजय की मोटरसाइकिल को प्रेम नगर के एक सुनसान इलाके में पार्क करते हुए दिखाई दिया।

तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने प्रेम नगर निवासी दो सगे भाइयों, सोनू (24) और महबूब आलम (20) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अजय से 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 4 लाख रुपये का कर्ज लिया था। आर्थिक तंगी के कारण वे कर्ज नहीं चुका पा रहे थे। 19 फरवरी को जब अजय ब्याज की किस्त लेने उनके घर पहुँचा, तो महबूब ने मीट काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगा दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नजफगढ़ नाले से अजय का शव बरामद किया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं जोड़ दी हैं। पकड़े गए दोनों भाई इलाके में ही एक होटल चलाते हैं। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More