मीत नगर के शिव मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, पीतल के बर्तन और नकदी बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना पुलिस ने मीत नगर स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले (रिसीवर) को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान हरबीर उर्फ ‘काला बच्चा’ (27) के रूप में हुई है, जबकि चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी की पहचान दिलशाद (37) निवासी नंद नगरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए बर्तन और अन्य सामान बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को मीत नगर स्थित शिव मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक दीक्षित (75) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी की देर शाम उन्होंने मंदिर को ताला लगाया था, लेकिन अगली सुबह जब वे पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के भीतर से पूजा के बर्तन, पीतल की मूर्तियां और दानपात्र की नकदी गायब थी। ज्योति नगर पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

SHO वेद प्रकाश के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम, जिसमें एएसआई नरेश और हेड कांस्टेबल अनुज सहित अन्य जवान शामिल थे, ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय सुराग जुटाए। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से हरबीर उर्फ ‘काला बच्चा’ को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने चोरी का सामान नंद नगरी निवासी दिलशाद को बेचा है। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर दिलशाद को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी हरबीर एक घोषित अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी, सेंधमारी, एक्साइज एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह नशा करने का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि क्या वे इलाके में हुई अन्य चोरियों में भी शामिल थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More