लाहौरी गेट पुलिस ने चलते ट्रक से माल उड़ाने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़; 3 गिरफ्तार, चोरी की इलायची बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस के ‘थाना लाहौरी गेट’ की टीम ने एक सनसनीखेज चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए ऐसे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो चलते ट्रकों से फिल्मी अंदाज में माल चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 50 किलो इलायची और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस गिरोह ने खारी बावली से फरीदाबाद जा रहे एक ट्रक से कुल 200 किलो इलायची के बोरे उड़ा लिए थे।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 17 फरवरी को ट्रक ड्राइवर दुखी कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी की रात वह खारी बावली से ट्रक में इलायची और किराने का सामान लोड कर फरीदाबाद के लिए निकला था, लेकिन गंतव्य पर पहुँचने पर पता चला कि ट्रक के पीछे से इलायची के 4 बोरे गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में एसआई सुधीर राठी, कविश राणा, एएसआई कविंदर और हेड कांस्टेबल अमित मलिक व अन्य की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 व्यक्ति ट्रक का पीछा करते हुए दिखाई दिए। फुटेज में एक आरोपी चलती ट्रक के पीछे चढ़ते हुए और माल नीचे फेंकते हुए साफ नजर आया। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल का नंबर मिल गया, जो दीपक नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज था। हालांकि आरोपी अपने घर से फरार था, लेकिन पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया।

20 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य ‘पुल मिठाई’ के पास चोरी की इलायची बेचने आने वाले हैं। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आनंद (30), प्रदीप (36) और सिथुन (24) को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दीपक इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। आरोपियों ने बताया कि दीपक के इशारे पर वे ट्रक का पीछा करते थे और आरोपी सचिन ट्रक पर चढ़कर बोरे नीचे फेंकता था। इन्होंने सराय काले खां तक ट्रक का पीछा किया और 4 बोरे उड़ा लिए। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी दीपक, संदीप और सचिन की तलाश में छापेमारी कर रही है और शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More