पूरा परिवार एक सिंडिकेट की तरह चला रहा था नशे का कारोबार, एएनटीएफ ने 6 करोड़ की हेरोइन के साथ एक को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रांस-यमुना क्षेत्र में छापेमारी कर एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हेरोइन की कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने न केवल तस्कर को पकड़ा, बल्कि ड्रग्स की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत और इसे प्राप्त करने वाले रिसीवर की भी पहचान कर ली है।

एएनटीएफ, क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर राकेश दुहन के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। 20 फरवरी को हेड कांस्टेबल सिकंदर, देवेंद्र और महिला हेड कांस्टेबल नीतू की टीम दिलशाद गार्डन के पास खुफिया जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान टीम ने पार्क की ओर से आ रहे एक संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान इमरान उर्फ शेर खान (23), निवासी कलंदर कॉलोनी, दिलशाद गार्डन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी के हैंडल पर लटके बैग से हेरोइन के दो पैकेट बरामद हुए।

जांच में जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी इमरान का पूरा परिवार संगठित रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त है। उसकी मां आयशा इलाके की घोषित हिस्ट्रीशीटर है और एनडीपीएस एक्ट के 5 मामलों में शामिल होने के कारण फिलहाल दिल्ली से तड़ीपार है। आरोपी का पिता फिरोज अली भी ड्रग तस्करी के मामले में नामजद है, जबकि उसका बड़ा भाई फतेह अली वर्तमान में गीता कॉलोनी थाने के एक ड्रग केस में जेल में बंद है। यह खुलासा करता है कि पूरा परिवार एक सिंडिकेट की तरह नशे का व्यापार चला रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हेरोइन रघुवीर नगर के एक सप्लायर से ली थी और इसे गाजियाबाद के नंदग्राम में किसी रिसीवर को पहुँचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से हेरोइन के अलावा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, एक आई-फोन और अपराध की कमाई से खरीदी गई सोने की चैन भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस की टीमें गाजियाबाद और दिल्ली के अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि इस सप्लाई चेन की कड़ियों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर दोहराया है कि समाज से नशे को जड़ से मिटाने के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More