धूल गिरने पर आपा खोया, पूर्वोत्तर की महिलाओं को कहा अपशब्द; पति-पत्नी SC/ST एक्ट के तहत गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार और धमकी देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रूबी जैन की गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद उसके पति हर्ष सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही सख्त रुख अपनाते हुए SC/ST अधिनियम की धाराएं जोड़ दी थीं। दोनों आरोपियों पर पूर्वोत्तर की महिलाओं को नस्लीय रूप से अपमानित करने और उनका मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप है।

घटना 20 फरवरी की दोपहर की है, जब मालवीय नगर में किराए पर रहने वाली तीन महिलाएं अपने फ्लैट में बिजली का काम करवा रही थीं। इस दौरान मरम्मत कार्य की कुछ धूल नीचे रहने वाले हर्ष सिंह और रूबी जैन के घर में गिर गई। इसी बात को लेकर हुए विवाद में दंपति ने आपा खो दिया और महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक व नस्लीय टिप्पणियां कीं। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल उनके क्षेत्र (पूर्वोत्तर भारत) को लेकर भद्दी बातें कहीं, बल्कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

शुरुआत में मालवीय नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन मामले की संवेदनशीलता और पूर्वोत्तर के नागरिकों के अधिकारों के हनन को देखते हुए, जांच के दौरान इसमें SC/ST एक्ट की धाराएं शामिल की गईं। अब इस पूरे प्रकरण की जांच एसीपी रैंक के अधिकारी द्वारा की जा रही है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं की मर्यादा को ठेस पहुँचाई और उन्हें आपराधिक रूप से डराया-धमकाया।

रूबी जैन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हर्ष सिंह की तलाश कर रही थी, जिसे आज सफलतापूर्वक दबोच लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में किसी भी नागरिक के साथ नस्लीय भेदभाव या क्षेत्रीय आधार पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई से इलाके में रहने वाले पूर्वोत्तर के छात्रों और पेशेवरों के बीच सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ितों से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर कड़ा संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, “आज मैंने पूर्वोत्तर के अपने उन युवा मित्रों से मुलाकात की, जो इस दुखद घटना से प्रभावित हुए हैं। मैंने उन्हें इस कठिन समय में अपने पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। घटना में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली में नफरत, भेदभाव, डराने-धमकाने या नस्लीय दुर्व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं है।” मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More