सिरसपुर में ‘कसाई’ बना पिता, अपनी ही तीन मासूम बेटियों और पत्नी को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली: दिल्ली का समयपुर बादली इलाका बुधवार सुबह उस वक्त दहल उठा, जब चंदन पार्क स्थित एक मकान में एक ही परिवार के चार सदस्यों की नृशंस हत्या का मामला सामने आया। सिरसपुर के गली नंबर-3 स्थित मकान नंबर 84/ई में एक सनकी पिता ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। मृतकों की पहचान अनीता (पत्नी) और उनकी तीन बेटियों—अंशिका (5), मानसी (4) और पिंकी (3) (नाम परिवर्तित)—के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि इस जघन्य हत्याकांड को अनीता के पति मुनचुन केवट ने अंजाम दिया है, जो वारदात के बाद से ही फरार है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह चंदन पार्क इलाके से सूचना मिली कि सर्वोदय विद्यालय के पास एक घर में चार लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना समयपुर बादली की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में मां और उसकी तीन नन्हीं बेटियों के शव खून से लथपथ पड़े थे। चारों के गले किसी धारदार हथियार से रेते गए थे। क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला है। मुनचुन केवट आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था और यहां किराए के मकान में रह रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, मुनचुन बुधवार तड़के से ही लापता है, जिसके चलते वह पुलिस का मुख्य संदिग्ध बन गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि एक पिता ने अपनी ही तीन छोटी बेटियों, जिनकी उम्र महज 3 से 5 साल थी, की जान ले ली।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बाहरी-उत्तरी जिले की पुलिस ने आरोपी मुनचुन की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं, जो उसके संभावित ठिकानों और बिहार स्थित पैतृक गांव में छापेमारी कर रही हैं। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे सिरसपुर इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More