मोहन गार्डन पुलिस ने सुलझाई सरकारी कर्मचारी से लूट की वारदात; 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की मोहन गार्डन थाना पुलिस ने एक सरकारी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट और लूटपाट की वारदात को चंद घंटों के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई लगभग 11 ग्राम वजन की सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपियों में से एक ‘मोहर सिंह’ शातिर अपराधी है, जो पहले से ही 14 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 20-21 फरवरी की दरमियानी रात एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें भगवती गार्डन एक्सटेंशन निवासी अभिषेक हुड्डा ने लूटपाट की सूचना दी थी। पीड़ित अभिषेक, जो एक सरकारी कर्मचारी हैं, अपनी कार से घर लौट रहे थे। जब वे द्वारका मोड़ स्थित मोरसाब रेस्टोरेंट के पास पहुँचे, तो तीन युवकों ने उन्हें रोका और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी उनके गले से करीब 11 ग्राम की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नजफगढ़ प्रक्षय कुमार सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल के नेतृत्व में एसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, राकेश और धर्मेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अपराधियों का सुराग लगाने के लिए बिंदापुर, रनहोला और मोहन गार्डन इलाकों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहर सिंह (28), गौरव उर्फ गोलू (22) और करण (19) के रूप में हुई है, जो मोहन गार्डन इलाके के ही रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहर सिंह पर पहले से 14 और गौरव पर 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More