समयपुर बादली में पिकेट चेकिंग के दौरान दिव्यांग से बर्बरता, दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

नई दिल्ली: दिल्ली के समयपुर बादली थाना क्षेत्र में पिकेट चेकिंग के दौरान दिल्ली पुलिस के जवानों द्वारा एक 55 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति धर्मवीर खत्री के साथ कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके दांत टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी हरेस्वर स्वामी ने हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात की है जब समयपुर बादली इलाके में पिकेट पर चेकिंग चल रही थी। पुलिस का कहना है कि धर्मवीर अपनी ईको कार लेकर रॉन्ग साइड से आ रहे थे। जब उन्हें रोका गया तो वे गाड़ी से नीचे नहीं उतरे, जिससे पुलिसकर्मियों और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाया है कि ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद शराब के नशे में था। आरोप है कि उसने धर्मवीर को गाड़ी से खींचकर इतना पीटा कि उनके दांत टूट गए और चेहरे व टांग पर गंभीर चोटें आईं। इस दौरान कार का शीशा भी तोड़ दिया गया।

मौके पर भीड़ जमा होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घायल धर्मवीर खत्री को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और मामले को दबाने का भी आरोप लगाया है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि चालक ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की थी, जिस दौरान झड़प हुई और उसे चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। डीसीपी हरेस्वर स्वामी ने बताया कि अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार पर एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More