आधी रात को वारदात की फिराक में घूम रहा बदमाश अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक हथियारबंद संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशों पर स्ट्रीट क्राइम को रोकने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए गश्त तेज करने के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी द्वारका के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुकेश, विनोद और पवन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को रात के समय संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया था।

घटनाक्रम के अनुसार, 23 और 24 फरवरी की दरमियानी रात करीब 11:40 बजे हेड कांस्टेबल मुकेश और विनोद द्वारका सेक्टर-16 स्थित ककरोला नाला रोड के पास नाइट पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर पीछा कर दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मनीष कुमार, निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-16ए, द्वारका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पकड़े गए आरोपी का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है या वह किसी बड़े गिरोह से ताल्लुक रखता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More