बिंदापुर पुलिस ने दबोचा इलाके का शातिर हिस्ट्रीशीटर; 35 से अधिक मामलों में था शामिल

नई दिल्ली: द्वारका जिला की बिंदापुर थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तम नगर इलाके से एक कुख्यात अपराधी अनवर उर्फ अन्नू (35) को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बिंदापुर थाने का घोषित बैड कैरेक्टर और हिस्ट्रीशीटर है, जो पहले से झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 35 से अधिक गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 7 फरवरी की अलसुबह शिकायतकर्ता अमनदीप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास काली जैकेट पहने एक अज्ञात युवक ने उनका पर्स छीना और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डाबड़ी राजकुमार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल राजेश डागर, राहुल और राजपाल की एक ‘क्रैक टीम’ गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और भागने के रास्तों पर लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की पहचान अनवर उर्फ अन्नू के रूप में हुई, जो पुलिस रिकॉर्ड में पहले से ही दर्ज अपराधी था। पुलिस ने जाल बिछाया और 10 फरवरी को सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को उत्तम नगर इलाके से धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी अनवर ने खुलासा किया कि वह बेरोजगार है और उसे ड्रग्स की गंभीर लत है। अपनी इसी नशे की तलब को पूरा करने के लिए वह राहगीरों से झपटमारी और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया पर्स, उसमें रखे दस्तावेज और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। इस गिरफ्तारी से इलाके में स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More