जामा मस्जिद पुलिस ने सुलझाई विदेशी नागरिक से लूट की गुत्थी; पिता ही बच्चों से करवा रहा था चोरी, 7000 से अधिक डॉलर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना जामा मस्जिद की टीम ने एक ऐसी घृणित और चौंकाने वाली चोरी का खुलासा किया है, जहाँ एक पिता ही अपने नाबालिग बच्चों को जुर्म की दुनिया में धकेलकर उनसे चोरी करवा रहा था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उसके दो नाबालिग बच्चों को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने विदेशी नागरिक के चोरी हुए कुल धन का 98.36% हिस्सा (लगभग 7082 अमेरिकी डॉलर) बरामद कर पेशेवर दक्षता की एक नई मिसाल पेश की है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को उज्बेकिस्तान के एक नागरिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी नाबालिग बेटी के कैंसर के इलाज हेतु भारत आया हुआ था। जामा मस्जिद मार्केट में घूमने के दौरान अज्ञात चोरों ने उसके स्लिंग बैग से 7200 अमेरिकी डॉलर (करीब 6 लाख रुपये) उड़ा लिए। विदेशी नागरिक और मेडिकल इमरजेंसी की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी दरियागंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी आदेश प्रकाश के नेतृत्व में एसआई आयुष राजपूत, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, विपिन और महिला कांस्टेबल मोहिनी व प्रीति की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए दो संदिग्ध नाबालिगों (एक 15 वर्षीय लड़का और 13 वर्षीय लड़की) की पहचान की, जो आपस में भाई-बहन हैं। पुलिस ने जब न्यू सीलमपुर इलाके में दबिश दी, तो इस पूरे रैकेट का असली मास्टरमाइंड उनका पिता ‘Y’ निकला। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिता जानबूझकर अपने बच्चों से भीड़भाड़ वाले बाजारों में चोरी करवाता था ताकि सीधा शक उस पर न जाए और वह चोरी की सारी संपत्ति स्वयं अपने पास रख लेता था।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे और उसके घर से कुल 6500 अमेरिकी डॉलर नकद, पीड़ित का एटीएम कार्ड और चोरी के पैसों से खरीदा गया 48,000 रुपये का मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी पिता पहले भी डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। अपनी बेटी के इलाज के लिए रखे पैसे वापस पाकर विदेशी नागरिक ने दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता और कार्यप्रणाली का हृदय से आभार व्यक्त किया है। दिल्ली पुलिस ने इस जांच और मानवीय दृष्टिकोण से न केवल अपराध को सुलझाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More