तिलक नगर में झगड़े के बाद सिर और गर्दन पर मारे घूंसे, किशोर ने तोड़ा दम, तीन नाबालिग को पकड़ा

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सोमवार शाम को खेल-खेल में शुरू हुआ मामूली विवाद एक किशोर की मौत का कारण बन गया। वुडलैंड पार्क में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए झगड़े के बाद तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर एक 15 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया है। मृतक की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसके पिता इलाके में चाय बेचने का काम करते हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:22 बजे की है। शुरुआती जांच में पता चला कि वुडलैंड पार्क में क्रिकेट खेलने के दौरान 12 वर्षीय एक बालक और 15 वर्षीय मृतक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और हाथापाई हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन 12 वर्षीय बालक ने घर जाकर अपने दो चचेरे भाइयों (जिनकी उम्र 17 और 13 वर्ष है) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तीनों नाबालिग पार्क में उस किशोर को ढूंढने निकले।

पार्क में आमना-सामना होने पर दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथापाई के दौरान आरोपियों ने किशोर की गर्दन और सिर पर जोर-जोर से घूंसे मारे, जिससे वह अचानक जमीन पर गिरकर अचेत हो गया। आनन-फानन में उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज किया।

मृतक चार भाइयों में एक था और उसके पिता की चाय की दुकान है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। तिलक नगर थाना पुलिस ने तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More