13 साल पुराने सड़क हादसे के मामले में फरार ‘घोषित अपराधी’ कीर्ति नगर से गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस के एएटीएस पीओ सेल ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए सड़क हादसे के मामले में फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी साल 2013 में रनहोला थाना क्षेत्र में हुई एक जानलेवा सड़क दुर्घटना के मामले में वांछित था और लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर भगोड़े अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप, राम निवास और राज कुमार को शामिल किया गया, जिन्हें इस पुराने मामले के अपराधी को खोजने का विशेष जिम्मा सौंपा गया था।

जांच टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और निरंतर प्रयासों के जरिए आरोपी की गतिविधियों का सुराग लगाया। 22 फरवरी 2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी कीर्ति नगर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास जाल बिछाया और गुप्त मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान इस्लाम मोहम्मद (34), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि आरोपी इस्लाम मोहम्मद के खिलाफ साल 2013 में रनहोला थाने में लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क दुर्घटना में मौत का कारण बनने के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपी लगातार अदालत की कार्यवाही से अनुपस्थित रह रहा था, जिसके चलते तीस हजारी कोर्ट ने इसी महीने 5 फरवरी 2026 को उसे ‘घोषित अपराधी’ करार दिया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने एक दशक से अधिक पुराने लंबित मामले की कानूनी कार्यवाही को अंतिम अंजाम तक पहुँचाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More