रणहौला के एमसीडी स्कूल में लगी भीषण आग, जिंदा जला चौकीदार, कमरे में मिला शव

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के रणहौला थाना क्षेत्र अंतर्गत चंचल पार्क स्थित एमसीडी प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। स्कूल परिसर के भीतर बने पंप रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से वहां सो रहे चौकीदार की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि मृतक का चेहरा पूरी तरह झुलस गया, जिससे मौके पर उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही रणहौला थाना पुलिस के साथ क्राइम और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे अग्निकांड की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम स्कूल पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी, लेकिन अंदर का नजारा भयावह था। करीब 10×15 फीट के छोटे से पंप रूम में एक व्यक्ति का शव मिला। जांच के दौरान मृतक की पहचान नरेश कुमार (58) के रूप में हुई, जो मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के देहकोरा गांव के निवासी थे। नरेश स्कूल में चौकीदार के पद पर तैनात थे और उनकी ड्यूटी दोपहर 1 बजे से शुरू होती थी। वह उसी पंप रूम में रहते थे, जहां बिस्तर, फ्रिज, गैस चूल्हा और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था।

शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात के समय हुई। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे मौके पर पहुंच चुके हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। रणहौला थाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और आग लगने की वजह का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More