सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखने का विरोध पड़ा भारी, सरेराह सीने में घोंपा चाकू, आरोपी भाई-बहन और पिता गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में सोशल मीडिया पर एक मामूली कमेंट ने ऐसी खूनी रंजिश का रूप लिया कि एक परिवार की खुशियां चंद मिनटों में मातम में बदल गईं। अपनी बेटी की शादी के रिसेप्शन की तैयारियों में जुटे कारोबारी सतीश कुमार (48) की उनके ही सगे भांजे अश्वनी के परिवार ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह विवाद इंस्टाग्राम पर किए गए एक आपत्तिजनक कमेंट से शुरू हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमन (44), उसके पिता अश्वनी (40) और बहन तान्या को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक सतीश कुमार मोतिया खान इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी बेटी ने 18 फरवरी को कृष्णा नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। पूरा परिवार इस शादी से खुश था और 23 फरवरी को रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच 20 फरवरी को सतीश की बेटी ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की एक फोटो ‘स्टोरी’ के रूप में पोस्ट की। इस पर रिश्ते में सतीश के भांजे अश्वनी की बेटी तान्या ने कुछ आपत्तिजनक और अपशब्द भरे कमेंट कर दिए। जब सतीश को इस बारे में पता चला, तो वह मामले को समझाने के लिए अपनी पत्नी सोनिया और बेटी के साथ अश्वनी के घर ‘गली पीपल वाली’ पहुंचे थे।

आरोप है कि दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद जब सतीश का परिवार वापस लौट रहा था, तभी आरोपी अश्वनी, उसके बेटे अमन और बेटी तान्या ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोपियों ने पहले झगड़ा शुरू किया और फिर सतीश की पत्नी सोनिया के साथ मारपीट की। इसी दौरान अश्वनी के बेटे अमन ने चाकू निकाला और सतीश के सीने में घोंप दिया। सतीश को लहूलुहान हालत में नजदीकी बाड़ा हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर बाजार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी अश्वनी रिश्ते में मृतक का भांजा लगता है, लेकिन सोशल मीडिया पर उपजी इस छोटी सी बहस ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए डिजिटल साक्ष्य और स्थानीय गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। रिसेप्शन से ठीक तीन दिन पहले हुई इस वारदात ने पूरे मोतिया खान इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More