वजीराबाद में शादी समारोह में हेड कांस्टेबल ने युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक बारात के दौरान हुई गोलीबारी ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के कत्था गांव से आई एक बारात में मामूली कहासुनी के बाद एक बाराती ने दूसरे बाराती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान आशीष के रूप में हुई है, जो एमटीएस में कार्यरत था। पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हत्या करने वाला आरोपी प्रवेश दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह बारात बागपत से वजीराबाद की गली नंबर 14 में आई थी। बताया जा रहा है कि आशीष और प्रवेश के बीच गांव में भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जहां ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन रंजिश की आग ठंडी नहीं हुई थी। बारात जब दिल्ली पहुंची, तो शोर-शराबे और डांस के दौरान दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी प्रवेश ने आपा खो दिया और आशीष पर सीधे गोली चला दी। लहूलुहान आशीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरी बारात में अफरा-तफरी मच गई।

थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपी प्रवेश ने गांव में भी आशीष के साथ हाथापाई की थी और वह घात लगाए बैठा था। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। फिलहाल इस वारदात के बाद से वजीराबाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मुख्य वजह का खुलासा करने का दावा किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More