दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्रों में भाजपा का ‘प्रवास’ शुरू, एक वर्ष पूर्ण होने पर सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के द्वार पहुंचे

नई दिल्ली: दिल्ली में भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश नेतृत्व ने जन-जन तक पहुंचने के लिए ‘प्रवास कार्यक्रम’ का शंखनाद किया है। सोमवार को अभियान के पहले दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर-पूर्वी संसदीय क्षेत्र में प्रवास कर कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेंद्र चांदोलिया के संयोजन में शुरू हुआ यह कार्यक्रम 1 मार्च तक दिल्ली के सभी सातों संसदीय क्षेत्रों में चलेगा। इस दौरान सरकार की एक साल की उपलब्धियों और आगामी चार वर्षों के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, भविष्य का रोडमैप किया साझा

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भावुक नज़र आईं। उन्होंने कहा कि 27 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दिल्ली को जो नेतृत्व मिला है, वह सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि दायित्व और सेवा के लिए है। उन्होंने पिछले एक साल को दिल्ली की ‘दिशा’ बदलने वाला कार्यकाल बताया और वादा किया कि आने वाले चार साल दिल्ली की ‘दशा’ सुधारने वाले होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली अब 4,000 इलेक्ट्रिक बसों के साथ देश में अव्वल है। उन्होंने यमुना पार विकास बोर्ड के पुनर्गठन और उसके लिए 700 करोड़ रुपये के विशेष फंड की घोषणा के साथ-साथ यमुना की सफाई के लिए 37 नए एसटीपी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली ‘अटल कैंटीन’ और ‘सिंगल विंडो क्लीयरेंस’ जैसी योजनाएं प्रधानमंत्री मोदी के ‘सेवा ही परमो धर्म:’ के मंत्र को साकार कर रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने केजरीवाल के रूप में एक ऐसा ‘वायरस’ देखा जिसने शहर को लूटने का काम किया, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार जनता के बीच काम करती हुई दिखाई दे रही है। सचदेवा ने कहा कि हमारी पारदर्शिता की ताकत यह है कि हर शनिवार को सरकार का कोई न कोई मंत्री प्रदेश कार्यालय में जनता की समस्याओं को सुनने के लिए उपस्थित रहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जब पांच साल बाद हम दोबारा चुनाव में उतरेंगे, तो किसी लोकलुभावन वादे के बजाय अपने ‘काम’ के आधार पर जनता से वोट मांगेंगे।

क्षेत्रीय सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह रेखा गुप्ता सरकार ही है जिसने दिल्ली में ‘आयुष्मान योजना’ को प्रभावी ढंग से लागू कर 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का मार्ग प्रशस्त किया है। तिवारी ने वजीराबाद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘जगतपुर वजीराबाद’ करने, सोनिया विहार रोड के चौड़ीकरण और कावड़ रोड के निर्माण जैसे स्थानीय प्रोजेक्ट्स के लिए सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह से सरकार छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान कर रही है, उससे दिल्लीवासियों का जीवन सुगम और गौरवशाली बनेगा।

प्रवास कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित इस बैठक में प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, मंत्री कपिल मिश्रा, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, महापौर राजा इकबाल सिंह और स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित भारी संख्या में जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More