सराय काले खां में 6 वर्षीय मासूम को अगवा कर ईंट से सिर कुचला, शव कुएं में फेंका, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सराय काले खां इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवक ने अपनी ही 6 साल की मासूम रिश्तेदार का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान मनोज लुगुन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और रिश्ते में बच्ची का दूर का फूफा लगता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर मासूम का शव शांति स्तूप के पीछे एक सुनसान इलाके में स्थित कुएं से बरामद किया है।

दक्षिण पूर्व जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि घटना 19 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब मासूम अचानक लापता हो गई थी। बच्ची के पिता ने सनलाइट कॉलोनी थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। हैरानी की बात यह है कि आरोपी मनोज लुगुन भी पुलिस को गुमराह करने के लिए पीड़ित पिता के साथ ही थाने पहुंचा था। हालांकि, जब पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, तो उसमें मासूम आरोपी मनोज के साथ जाती हुई दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने मनोज को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह बच्ची को बहला-फुसलाकर आईपी पार्क के पीछे शांति स्तूप के पास एक सुनसान जगह पर ले गया था। वहां उसने मासूम के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने SDRF की टीम की मदद से कुएं से शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन मासूम के साथ यौन शोषण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 137(2) के तहत हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पेशे से मजदूर है और शराब का आदी बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More