दिनदहाड़े चाकू की नोक पर लूट करने वाला शातिर गिरफ्तार, लूटा गया कीमती सामान बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस की शकरपुर थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दिनदहाड़े हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी विकास उर्फ गोलू (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूटा गया वीवो मोबाइल, बैग, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और भागने के लिए इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।

पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धनिया ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह करीब 7:00 बजे श्रीमती मंजू कश्यप नामक महिला के साथ शकरपुर इलाके में लूटपाट हुई थी। एक अज्ञात युवक ने उन्हें चाकू दिखाकर डराया और उनका बैग व पर्स (जिसमें 5,000 रुपये नकद और करीब 9 ग्राम सोने के झुमके थे) और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई अनुभव, एएसआई नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल और नौशाद की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रवेश व निकास मार्गों का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान तकनीकी निगरानी के जरिए पता चला कि लूटे गए मोबाइल का सिम किसी दूसरे हैंडसेट में एक्टिवेट हुआ है। हालांकि लोकेशन बार-बार बदल रही थी, लेकिन तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने मंडावली इलाके में घेराबंदी तेज कर दी।

पुलिस टीम ने मंडावली इलाके में स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी डेटा का मिलान करते हुए सैकड़ों घरों की ‘डोर-टू-डोर’ वेरिफिकेशन की। कड़ी मेहनत के बाद आरोपी की पहचान विकास उर्फ गोलू के रूप में हुई। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मंडावली से उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने भीड़भाड़ कम होने का फायदा उठाकर सुबह के समय वारदात को अंजाम दिया था और चाकू का इस्तेमाल महिला को डराने के लिए किया था।

पकड़ा गया आरोपी विकास उर्फ गोलू एक पेशेवर अपराधी है। वह पहले भी मंडावली और मधु विहार थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रहा है और जेल भी जा चुका है। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस लूटे गए नकद और सोने के झुमकों की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More