स्पेशल स्टाफ ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को दबोचा; 15 लाख की अफीम बरामद, बरेली से जुड़े हैं तस्करी के तार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.020 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अफीम बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली से अफीम लाकर दिल्ली-एनसीआर के स्थानीय वितरकों को सप्लाई करने की फिराक में था।

पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धनिया ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की आवक रोकने के लिए एडिशनल डीसीपी ऑपरेशंस संजय सिंह के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई गौरव, अमन, हेड कांस्टेबल शनि राठी, विचित्र, हेमंत, शैलेंद्र और कांस्टेबल हिमांशु शामिल थे। टीम को नशीले पदार्थों की तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम जब इलाके में गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को पीठ पर बैग लटकाए देखा। पुलिस दल को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। सतर्क जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट मिले, जिनमें काला चिपचिपा पदार्थ भरा था। मौके पर ही ड्रग टेस्टिंग किट से जांच करने पर इसके अफीम होने की पुष्टि हुई, जिसका कुल वजन 1,020 ग्राम पाया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 50 वर्षीय ज्ञानी राम के रूप में हुई है, जो बरेली (उत्तर प्रदेश) के अलीगंज इलाके का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह पेशे से किसान है और अनपढ़ है, लेकिन कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह तस्करी की दुनिया में उतर गया। उसने यह अफीम बरेली के स्थानीय सप्लायरों से ली थी और इसे दिल्ली में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब इस सिंडिकेट के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड’ लिंकेज की जांच कर रही है ताकि मुख्य सप्लायर और दिल्ली के स्थानीय खरीदारों का पर्दाफाश किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More