एक्सपायरी दवाओं को नया लेबल लगा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पटना में तीसरी अवैध फैक्ट्री ध्वस्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संगठित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ अपने अभियान को और तेज कर दिया है। बिहार में पिछले दिनों दो फैक्ट्रियों के खुलासे के बाद, एएनटीएफ ने पटना के पास नकली और नशीली दवाएं बनाने वाली तीसरी बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में ओपिओइड (नशीली दवाएं), एक्सपायरी दवाएं और उन्हें पैक करने वाली मशीनें बरामद की गई हैं।

एएनटीएफ के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि यह सफलता क्राइम ब्रांच में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले की जांच के दौरान मिली है। एसीपी सतेंद्र मोहन के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर नितेश कुमार के नेतृत्व में एसआई विकासदीप, एएसआई सांवर मल, हेड कांस्टेबल अमित और गुलशन की टीम ने पटना में छापेमारी की। पुलिस कस्टडी में मौजूद आरोपी अरुण से पूछताछ के बाद इस फैक्ट्री के संचालक बृजेश का सुराग मिला, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

स्थानीय ड्रग विभाग की टीम के साथ की गई इस छापेमारी में पाया गया कि यह यूनिट बिना किसी वैध लाइसेंस और अनिवार्य केमिस्टों की उपस्थिति के चलाई जा रही थी। मौके से भारी मात्रा में ऐसी दवाएं मिलीं जिनका इस्तेमाल नशे के तौर पर किया जाता है। बरामदगी में 590 स्ट्रिप क्लावम-25, 30 हजार से ज्यादा एम-मॉक्सी टैब, 53 हजार एम्बैसेट टैब और एक्सपायरी ओमेज कैप्सूल समेत 20 से अधिक प्रकार की दवाएं और सिरप शामिल हैं। इसके अलावा औद्योगिक मिक्सर, ड्रम और हजारों खाली बोतलें व लेबल भी जब्त किए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बृजेश एक्सपायरी हो चुकी दवाओं को दोबारा पैक कर नए लेबल के साथ बाजार में बेचता था। इन दवाओं को फर्जी मेडिकल स्टोरों के जरिए ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। इस पूरे ऑपरेशन में अब तक 9 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 13 किलो ट्रामाडोल पाउडर व 500 ग्राम अल्प्राजोलम जैसे नशीले पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।

दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से देश भर में चल रहे नशीले पदार्थों के इस बड़े सिंडिकेट की कमर टूट गई है। डीसीपी संजीव कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। क्राइम ब्रांच अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में देशभर के विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More