गुलज़ार हुई राजधानी: एनडीएमसी ट्यूलिप उत्सव-2026 का आगाज, 5 लाख से अधिक फूलों से महकी दिल्ली

नीदरलैंड की राजदूत और एनडीएमसी अध्यक्ष ने किया ट्यूलिप उत्सव का उद्घाटन, बिखरी रंगों की छटा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर बसंत की दस्तक के साथ ही चाणक्यपुरी का शांति पथ रंग-बिरंगे ट्यूलिप फूलों की खुशबू से महक उठा है। सोमवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष केशव चंद्रा और उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने नीदरलैंड की राजदूत महामहिम मारिसा गेरार्ड्स की उपस्थिति में ‘ट्यूलिप उत्सव-2026’ का भव्य उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ और राजधानी को हरित व स्वच्छ बनाने के विजन के तहत आयोजित यह उत्सव फरवरी माह के अंत तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस अवसर पर अतिथियों ने ट्यूलिप वॉक में हिस्सा लिया और शांति पथ के आसपास खिले फूलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि परिषद ने इस वर्ष कुल 5,17,500 ट्यूलिप बल्ब मंगवाए थे, जिनमें से सवा तीन लाख बल्ब एनडीएमसी के प्रमुख क्षेत्रों जैसे शांति पथ, लोधी गार्डन, सेंट्रल पार्क और उपराष्ट्रपति भवन के निकटवर्ती गोलचक्करों पर लगाए गए हैं। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि मात्र 17 हजार बल्बों से शुरू हुई यह पहल अब पांच लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जिससे एनडीएमसी सार्वजनिक स्थलों पर सफलतापूर्वक ट्यूलिप उगाने वाली देश की पहली नागरिक संस्था बन गई है। खास बात यह है कि इस बार एक लाख ट्यूलिप पौधों को गमलों में तैयार किया गया है, जिन्हें आम जनता लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और एनडीएमसी की विभिन्न नर्सरियों से खरीद सकती है।

उद्घाटन समारोह में नीदरलैंड की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स ने ट्यूलिप की ऐतिहासिक यात्रा का जिक्र करते हुए इसे दोनों देशों के बीच व्यापार, नवाचार और अटूट मित्रता का प्रतीक बताया। वहीं, अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि शांति पथ पर ट्यूलिप के इतिहास और विभिन्न किस्मों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। वर्तमान में राजधानी लाल, सफेद, पीले, बैंगनी और नारंगी ट्यूलिपों की आकर्षक छटा से सराबोर है, जो ‘एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट’ के वैश्विक मेहमानों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परिषद ने आम जनता से अपील की है कि वे इस पुष्प प्रदर्शनी का आनंद लें और दिल्ली की इस जीवंत सुंदरता का हिस्सा बनें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More