तीन दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश में रोहिणी में 25 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले अंतर्गत बुध विहार थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक 25 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। वारदात सोमवार तड़के सेक्टर-24 स्थित जेजे कॉलोनी में हुई, जहां हमलावरों ने युवक के पेट में चाकू घोंपकर उसे मौत के नींद सुला दिया। मृतक की पहचान शाहबाद डेयरी निवासी राजा उर्फ मंगल सिंह (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर वैन ने घायल को तुरंत बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस जांच में हत्या के पीछे की वजह तीन दिन पुराना मामूली विवाद सामने आई है। जानकारी के अनुसार, बीते 20 फरवरी को राजा और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस दौरान राजा ने कथित तौर पर एक आरोपी की पिटाई कर दी थी और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी लगातार मौके की तलाश में थे। सोमवार रात करीब 12:25 बजे जब राजा जेजे कॉलोनी के डी-ब्लॉक के पास था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही बुध विहार थाना पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला पंजीकृत कर लिया है। रोहिणी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More