बच्चों को ट्यूशन दिलाने के बहाने घर बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले अंतर्गत विजय विहार थाना क्षेत्र में 15 साल पुराने परिचित द्वारा एक महिला के विश्वास को तार-तार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ‘चिंटू मोमोज वाला’ के नाम से मशहूर एक स्नैक्स विक्रेता ने अपने बच्चों को ट्यूशन दिलाने के बहाने एक 35 वर्षीय महिला को घर बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में 35 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी राकेश को पिछले करीब 15 वर्षों से जानती थी। बीते 20 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी ने उसे अपने बच्चों के लिए ट्यूशन की व्यवस्था करने के बहाने अपने घर बुलाया। महिला जब वहां पहुंची, तो घर पर कोई और सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि वहां राकेश ने उसे धोखे से नशीला पदार्थ पिला दिया और जब वह अचेत हो गई, तो उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। वारदात के बाद आरोपी ने उसे घर के पास छोड़ दिया, लेकिन साथ ही धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसकी कुछ तस्वीरें उसके भाई को दिखाकर बदनाम कर देगा।

हिम्मत जुटाकर पीड़िता सोमवार को विजय विहार थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 123 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। रोहिणी जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है ताकि ब्लैकमेलिंग के आरोपों की जांच की जा सके। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More