हाईटेक हुई दिल्ली पुलिस: भीड़भाड़ वाले बाजारों में अपराधियों की पहचान करेगी ‘DP-दृष्टि’

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने शहरी पुलिसिंग और सार्वजनिक सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई है। शाहदरा जिला पुलिस ने सोमवार को गांधी नगर मार्केट में अत्याधुनिक तकनीक से लैस विशेष निगरानी वाहन ‘DP-दृष्टि’ (DP-DRISTHI) को लॉन्च किया। डीसीपी शाहदरा, प्रशांत गौतम द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया यह वाहन फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) से लैस है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपराधियों की पहचान कर पुलिस को तत्काल अलर्ट भेजेगा। यह पहल जिले में तकनीक आधारित अपराध रोकथाम के एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

‘DP-दृष्टि’ (Delhi Police – Dynamic Real-time Identification & Surveillance for Human Tracking Initiative) केवल एक वाहन नहीं, बल्कि चलता-फिरता इंटेलिजेंस हब है। इस पर लगे हाई-रेज़ोल्यूशन कैमरे एक मिनट में सैकड़ों चेहरों को स्कैन करने की क्षमता रखते हैं। जैसे ही यह वाहन गांधी नगर, कृष्णा नगर या शाहदरा जैसे भीड़भाड़ वाले बाजारों से गुजरेगा, इसका सिस्टम वास्तविक समय में लोगों के चेहरों का मिलान पुलिस डेटाबेस में मौजूद अपराधियों के रिकॉर्ड से करेगा। यदि कोई संदिग्ध चेहरा मैच होता है, तो सिस्टम मिलीसेकंड के भीतर पुलिस टीम को फोटो के साथ अलर्ट भेजेगा, जिससे अपराध होने से पहले ही संदिग्ध को दबोचा जा सके।

इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने में शाहदरा जिले की तकनीकी टीम (एएसआई दीपक, एचसी गगनदीप, एचसी जितेंद्र और एचसी अभय) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस का लक्ष्य व्यावसायिक केंद्रों में ‘जीरो-ब्लाइंड-स्पॉट’ वातावरण बनाना है, जहां अपराधी भीड़ का फायदा उठाकर छिप न सकें। ‘DP-दृष्टि’ की मुख्य विशेषताओं में रियल-टाइम ट्रैकिंग, क्राइम हॉटस्पॉट्स पर तत्काल तैनाती और कानूनी साक्ष्य के रूप में उच्च गुणवत्ता वाली छवियों का ऑटोमैटिक कैप्चरिंग शामिल है। दिल्ली पुलिस इस पहल के जरिए अपराधियों को स्पष्ट संदेश दे रही है कि अब वे भीड़ की ओट में सुरक्षित नहीं हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More