इंस्टाग्राम पर शिकायत और पुलिस का एक्शन: स्टंटबाज बाइकर्स पर न्यू उस्मानपुर पुलिस की गाज, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और स्टंटबाजी के जरिए लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम के माध्यम से प्राप्त एक शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनकी बाइक जब्त कर ली है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुषार पूनिया (22), तनिष्क मावी (20) और पुष्पेंद्र (20) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी खजूरी खास इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग के तहत FIR दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक शिकायत प्राप्त हुई थी जिसमें कुछ युवक न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में बेहद खतरनाक तरीके से बाइक चलाते और स्टंट करते नजर आ रहे थे। SHO राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें धर दबोचा। जांच के दौरान पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इनमें से दो बाइक पहले से ही एक अन्य मामले में पुलिस रिकॉर्ड में थीं, जबकि पुष्पेंद्र की बाइक को इस मामले में नया जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों पर बीएनएस की धारा 281 व 125(A) के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ऐसी गतिविधियों पर उनकी कड़ी नजर है जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि क्या वे किसी बड़े स्टंट ग्रुप का हिस्सा हैं। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को सड़कों पर खतरनाक ड्राइविंग और रील बनाने के चक्कर में कानून तोड़ने से रोकें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More