चेकिंग के दौरान पकड़ा गया वाहन चोर, ज्योति नगर और खजूरी खास से चोरी वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक विधि विरुद्ध किशोर को पकड़कर वाहन चोरी की तीन गुत्थियां सुलझाई हैं। पकड़े गए किशोर के पास से पुलिस ने चोरी की तीन बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की, जिससे ज्योति नगर, खजूरी खास और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी को एएटीएस की टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। जब पुलिस ने उससे वाहन के कागजात मांगे, तो वह घबरा गया और टीम को गुमराह करने की कोशिश करने लगा। कड़ाई से जांच करने पर पता चला कि उक्त बाइक ज्योति नगर इलाके से चोरी की गई थी। पूछताछ के दौरान 17 वर्षीय किशोर ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य वाहन भी बरामद किए, जिन्हें खजूरी खास और न्यू उस्मानपुर इलाकों से उड़ाया गया था।

पुलिस ने किशोर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 31 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस किशोर के साथ कोई बड़ा गिरोह भी काम कर रहा था या वह इन वाहनों को किसे बेचने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और बरामद वाहनों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More