स्नैचिंग के बाद पीड़ित ने पीछा कर झपटमार को पकड़ा, डिग्गी से निकले चोरी के कई और फोन, लेडी डॉन के साथ झपटमार गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना पुलिस ने एक शातिर झपटमार और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर स्नैचिंग के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल और स्कूटी की डिग्गी में छिपाकर रखे गए छह अन्य चोरी के फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकी अली (24) के रूप में हुई है, जो पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। वहीं, उसकी महिला साथी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर पता चला कि वह पूर्व में एक हत्या के मामले में भी शामिल रही है।

वारदात 21 फरवरी की आधी रात की है, जब अशोक नगर निवासी विनायक शर्मा (23) 100 फुटा रोड से गुजर रहे थे। तभी स्कूटी सवार जाकी अली ने उनका मोबाइल झपट लिया और मौजपुर रेड लाइट की ओर भागने लगा। विनायक ने हिम्मत नहीं हारी और एक राहगीर की मदद से आरोपी का पीछा कर उसे दबोच लिया। सूचना मिलते ही ज्योति नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिग्गी से छह अन्य मोबाइल फोन मिले, जिनमें से दो फोन पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए।

सख्ती से पूछताछ करने पर जाकी अली ने अपनी महिला सहयोगी के नाम का खुलासा किया, जो स्नैचिंग की वारदातों में उसका साथ देती थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी महिला साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 304(2), 317(2), 3(5) और BNSS की धारा 106/107 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह जोड़ी चोरी के फोन किसे बेचती थी और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। पीड़ित युवक की बहादुरी की पुलिस और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More