नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के फैक्टरी मालिक की हत्या की गुत्थी सुलझी; पुलिस ने नाबालिग समेत तीन को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिला की नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने 28 वर्षीय फैक्टरी मालिक रवि की सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो बालिगों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू, दो मोटरसाइकिलें और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। यह पूरी वारदात महज एक दिन पहले हुए काम के विवाद और थप्पड़ का बदला लेने के लिए अंजाम दी गई थी।

आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 20 फरवरी की रात करीब 08:30 बजे ‘चौधरी एंटरप्राइजेज’ के सह-मालिक रवि जब अपनी फैक्टरी से काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने रवि की गर्दन, कंधे और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

ज्वाइंट सीपी (उत्तरी रेंज) विजय सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जब जांच शुरू की, तो पता चला कि 19 फरवरी को फैक्टरी में काम के निर्देशों को लेकर रवि का ‘राहिद’ नामक एक श्रमिक के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए राहिद ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर फैक्टरी मालिक को खत्म करने की साजिश रची।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से 22 फरवरी 2026 को तीन संदिग्धों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय उर्फ हनुमान (19) और ऋतिक (18) के रूप में हुई है, जो होलंबी कलां के रहने वाले हैं। इनके साथ एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने अभय के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू और एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। वहीं ऋतिक के पास से भी एक चाकू और यामाहा मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पकड़े गए बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ जेजे एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अब इस मामले के मुख्य सूत्रधार राहिद और उसके अन्य फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More