बख्तावरपुर में कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्तावरपुर स्थित कबीर मंदिर के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार हुंडई औरा कार और बजाज पल्सर बाइक के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ पर जाकर लटक गई। इस हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस को कबीर मंदिर के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि का और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत हुई थी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पेड़ पर लटकी हुई मिली। घायल युवक की पहचान अकबरपुर माजरा निवासी देव शर्मा (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार का स्वामित्व हरियाणा के सोनीपत निवासी राजबीर के नाम पाया गया है, जबकि बाइक अकबरपुर माजरा निवासी मुकुल के नाम दर्ज है। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 281 और 125(a) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनाक्रम के सही क्रम का पता लगाने और जिम्मेदारी तय करने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है, जिससे घायल युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More