शाहबाद डेयरी में ई-रिक्शा चालक को चेहरे पर गोली मार हमलावर फरार, हालत नाजुक

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के दौरान हमलावरों ने युवक के चेहरे पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल की पहचान एफ-ब्लॉक, शाहबाद डेयरी निवासी राजेश पासवान (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात की सूचना एमवी अस्पताल (पूठ) से मिली थी, जहां राजेश को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच और एमएलसी रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश को शाहबाद डेयरी के पास स्थित अखाड़े के समीप गोली मारी गई। गोली उसके चेहरे के दाहिने हिस्से में लगी है। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल और फिर वहां से एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के समय मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला, जिसके कारण पुलिस के लिए हमलावरों की पहचान करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल राजेश पासवान ई-रिक्शा चलाता है और उस पर पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, लेकिन आसपास के रास्तों और संभावित भागने वाले मार्गों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस रंजिश और आपसी विवाद समेत सभी कोणों से मामले की तहकीकात कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More