एएटीएस वेस्ट ने 14 साल से फरार घोषित अपराधी को राजस्थान से किया गिरफ्तार; शालीमार बाग थाने के केस में था वांटेड

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस के एएटीएस पीओ सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 साल से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी स्नैचिंग के एक पुराने मामले में साल 2012 से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 41 वर्षीय विजय उर्फ आला के रूप में हुई है, जो राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप, राम निवास और राज कुमार को शामिल किया गया, जिन्हें इस पुराने मामले की गुत्थी सुलझाने का जिम्मा सौंपा गया था।

टीम ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी विकसित की, जिससे पता चला कि आरोपी विजय राजस्थान के भरतपुर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम ने भरतपुर के सुभाष नगर स्थित अशोक पार्क के पास जाल बिछाया और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी विजय उर्फ आला के खिलाफ साल 2007 में शालीमार बाग थाने में स्नैचिंग और चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था।

रोहिणी कोर्ट ने आरोपी को 17 अक्टूबर 2012 को घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विजय पहले भी तीन अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी के साथ ही 14 साल से लंबित पीओ कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। पुलिस अब आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More