मॉडल टाउन में शादी समारोह से लौट रहे युवक की सरेराह हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब मृतक, जिसकी पहचान जहांगीरपुरी निवासी ईशू उर्फ ईशांत (18) के रूप में हुई है, एक शादी समारोह से घर लौट रहा था।

आजादपुर इलाके के पास बाइक सवार हमलावरों ने उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। रात करीब 2:28 बजे पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा मिला, जिसके बाद उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती तफ्तीश के दौरान पुलिस को घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद हुए हैं। फोरेंसिक और क्राइम टीम ने मौके का मुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रंजिश के चलते बाइक सवार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More