कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को ‘शर्मसार’ करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे के विरोध में शनिवार को दिल्ली की राजनीति का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद वीरेन्द्र सचदेवा और करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सचदेवा ने बेहद कड़े लहजे में कहा कि एआई समिट किसी दल का नहीं, बल्कि पूरे भारत राष्ट्र का गौरवशाली कार्यक्रम था। उन्होंने कहा, “जब पूरा विश्व भारत की नवाचार क्षमता और डिजिटल क्रांति का लोहा मान रहा है, ऐसे समय में वहां घुसकर हंगामा करना सीधा-सीधा राष्ट्रद्रोह है।” सचदेवा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी नकारात्मक राजनीति के चलते देशहित को भूल चुकी है और उसकी यह मानसिकता संसद से लेकर सड़कों तक भारत को बदनाम करने की कोशिश करती रही है।

सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत मंडपम में जो हुआ, वह कोई सामान्य घटना नहीं थी। उन्होंने कहा कि 80 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों के सामने इस तरह का व्यवहार राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी की हताशा को दर्शाता है। तिवारी ने दावा किया कि पुलिस के पकड़ने से पहले वहां मौजूद जनता ने ही प्रदर्शन करने वाले ‘गुंडों’ को सबक सिखा दिया था।

राजकुमार भाटिया द्वारा संचालित इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई सांसद, विधायक और निगम पार्षद शामिल हुए। प्रदर्शनकारी जब दूसरे बैरिकेड को तोड़कर कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें रोका। पुलिस ने वीरेन्द्र सचदेवा सहित करीब 1000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर तुगलक रोड थाने भेज दिया। करीब एक घंटे की हिरासत के बाद सभी को चेतावनी देकर रिहा किया गया।

इस रोष प्रदर्शन में मुख्य रूप से सांसद मनोज तिवारी, पदाधिकारी विष्णु मित्तल, प्रवीण शंकर कपूर, युवा मोर्चा के रोहित चहल, उप महापौर जयभगवान यादव और विभिन्न जिलों के अध्यक्षों समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के अपमान की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More