नंद नगरी में बहस के बाद सनकी पति ने छत से धक्का देकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताहिरपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी 35 वर्षीय पत्नी को घर की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआत में इस घटना को ‘हादसा’ दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से हत्या की गुत्थी सुलझ गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 12:30 बजे जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि ताहिरपुर निवासी एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया है। परिजनों ने शुरुआत में बताया कि महिला गलती से ऊंचाई से गिर गई थी। हालांकि, जब पुलिस ने सघन पूछताछ और जांच शुरू की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि शनिवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिससे गुस्साए पति ने महिला को पहली मंजिल से नीचे धक्का दे दिया।

सूचना मिलते ही नंद नगरी थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने वहां से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह महज हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से चोटों की प्रकृति और गिरने के कोण की स्थिति साफ हो सकेगी।

नंद नगरी थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या दोनों के बीच पहले भी झगड़े होते थे या इस वारदात के पीछे कोई अन्य गहरा विवाद था। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सदमे में हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More