नंद नगरी थाना पुलिस उमरदीन हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई, खूंखार अपराधी गिरफ्तार, कत्ल में इस्तेमाल पिस्टल और कारतूस बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में ‘बड़े स्कूल’ के पास मोहम्मद उमरदीन की सरेराह हत्या करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील उर्फ दीपू उर्फ नरेंद्र (34) के रूप में हुई है, जो इलाके का घोषित अपराधी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अत्याधुनिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है।

नंद नगरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर बी-ब्लॉक, नंद नगरी में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। जांच में सामने आया है कि सुनील उर्फ दीपू एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, झपटमारी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के 8 मामले दर्ज हैं। उमरदीन पर गोलियां बरसाने के बाद वह इलाके में अपनी दहशत कायम करना चाहता था।

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी दीपू ने मोहम्मद उमरदीन की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वह पिस्टल भी बरामद कर ली है, जिससे उमरदीन पर फायरिंग की गई थी। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस वारदात में दीपू के साथ कोई और भी शामिल था या उसने अकेले ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

एसीपी गोकुलपुरी की देखरेख में एसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल दीपक, विपिन, रोहित और कांस्टेबल जितेंद्र व विमल की टीम ने इस मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरेराह हुई इस हत्या के बाद इलाके में काफी तनाव था, जिसे पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने शांत करने में मदद की है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे अवैध हथियार की सप्लाई किसने की थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More