शादी का झांसा देकर महिलाओं से जेवर ठगने वाले ‘मेट्रिमोनियल फ्रॉड’ गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिला पुलिस ने एक ऐसी शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो वैवाहिक वेबसाइटों के माध्यम से तलाकशुदा महिलाओं को अपना निशाना बनाकर उनसे लाखों के सोने के गहने ठगता था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अभिनव सिंह और उसके साथी करण शर्मा को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से लाखों की ज्वेलरी, नकदी और वारदात में इस्तेमाल हुंडई वर्ना कार बरामद की गई है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर देवेश कुमार माहला ने बताया कि 17 फरवरी को हरियाणा के पानीपत निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात जीवनसाथी नामक वेबसाइट पर अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई। अभिनव ने उसे मिलने के लिए दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब बुलाया, जहाँ उसने सुरक्षा का झांसा देकर महिला के सोने के कंगन और चेन उतरवा लिए और फिर मौका पाकर गहने, मोबाइल और दस्तावेजों वाला बैग लेकर फरार हो गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पार्लियामेंट स्ट्रीट विशेष ढत्तरवाल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज भाटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पीछा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभिनव और उसके साथी करण शर्मा को धर दबोचा।

पूछताछ में सामने आया कि अभिनव सिंह एक आदतन अपराधी है और पहले भी धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वह दिल्ली, नोएडा, इंदौर, जयपुर, लुधियाना और हरियाणा के कई शहरों में महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठग चुका है। उसका साथी करण शर्मा, जो एक कैब ड्राइवर है, उस पर 6 लाख रुपये का कर्ज था जिसे चुकाने के लिए वह इस अपराध में शामिल हुआ। वे खुद को अमीर बिजनेसमैन दिखाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट वाली कार का इस्तेमाल करते थे। ठगी गई ज्वेलरी को उन्होंने मालवीय नगर की एक दुकान में गिरवी रख दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मेट्रिमोनियल साइट्स पर मिलने वाले व्यक्तियों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति को अपने कीमती सामान, नकद या गहने न सौंपें और शादी की बात आगे बढ़ाने से पहले व्यक्ति की पृष्ठभूमि का सत्यापन जरूर करें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More