नबी करीम में झपटमारी कर भाग रहे बदमाश को हेड कांस्टेबल ने पीछा कर दबोचा, आईफोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली में मध्य जिला पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक लुटेरे को वारदात के तुरंत बाद रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। थाना नबी करीम के एक सजग बीट ऑफिसर ने शोर सुनकर भाग रहे बदमाश का पीछा किया और उसे दबोचकर लूटा गया कीमती आईफोन बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नबी करीम निवासी चिराग उर्फ पंगा के रूप में हुई है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 17 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे गोविंदपुरा (गीता कॉलोनी) निवासी एक महिला, जो राम नगर स्थित अपने मायके आई हुई थी, बाजार से लौट रही थी। जब वह आरक्षण रोड पर कुक्कू छोले भटूरे के पास पहुँची, तो पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने उन्हें जोर से धक्का दिया और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भागने लगा। महिला ने तुरंत शोर मचाया।

उसी समय, नबी करीम थाने के बीट ऑफिसर हेड कांस्टेबल एम.पी. सिंह, जो नियमित गश्त पर थे और सामने से आ रहे थे, ने महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी। एक संदिग्ध व्यक्ति को भागते देख उन्होंने फुर्ती दिखाई और पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से लूटा गया ‘आईफोन 13’ बरामद हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ के दौरान 23 वर्षीय आरोपी चिराग उर्फ पंगा ने खुलासा किया कि वह अपनी शराब की लत को पूरा करने के लिए आसान तरीके से पैसे कमाने के इरादे से इलाके में घूम रहा था और इसी लालच में उसने झपटमारी की। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More