OLX पर खरीदार बनकर आता था, टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक लेकर होता था फरार, AATS ने बरामद कीं 3 बाइक

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल OLX पर खरीदार बनकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। आरोपी टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर चंपत हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो महंगी KTM बाइक और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय ओंकार के रूप में हुई है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 14 फरवरी को करोल बाग थाने में वाहन चोरी की एक अनूठी शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने अपनी बाइक बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था। एक कथित खरीदार ने उससे संपर्क किया और करोल बाग के आर्य समाज रोड पर मिलने बुलाया। वहां आरोपी ने बाइक की ‘टेस्ट ड्राइव’ लेने की इच्छा जताई और जैसे ही उसे चाबी मिली, वह बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर रघुवीर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई वीरेंद्र, हेड कांस्टेबल महेंद्र और कांस्टेबल रोहन, योगेश, ललित व बिशु शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का तकनीकी विश्लेषण किया। सटीक सूचना के आधार पर 18 फरवरी को पटेल नगर के सरकारी स्कूल के पास जाल बिछाकर आरोपी ओंकार को धर दबोचा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह B.Sc का छात्र है और फिलहाल बेरोजगार है। आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए उसने यह तरीका अपनाया। वह OLX पर उन लोगों को टारगेट करता था जो अपनी बाइक बेचना चाहते थे। वह उनसे मिलकर उनका विश्वास जीतता और फिर टेस्ट ड्राइव के बहाने गाड़ी चोरी कर लेता था। उसकी गिरफ्तारी से करोल बाग, गुलाबी बाग और बिंदापुर थानों में दर्ज चोरी के तीन मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने अब तक और कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More