‘चॉकलेट डे’ पर ‘ब्लिंकिट’ से चॉकलेट ऑर्डर कर स्नैचर्स के ठिकाने तक पहुँची दिल्ली पुलिस, iPhone लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस ने ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ और रचनात्मक रणनीति का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए एक मोबाइल झपटमारी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘वैलेंटाइन वीक’ के दौरान ‘चॉकलेट डे’ का लाभ उठाते हुए आरोपियों को ‘सीक्रेट एडमिरर’ बनकर चॉकलेट भेजी और ब्लिंकिट डिलीवरी को ट्रैक कर उनके सटीक ठिकाने तक पहुँच गई। पुलिस ने दो झपटमारों सहित एक बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटा गया iPhone 14 Pro, एक अन्य मोबाइल और चोरी की स्कूटी बरामद की गई है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 9 फरवरी को ‘अमरलीस’ के पास एक युवती से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उस समय iPhone 14 Pro छीन लिया था, जब वह कैब बुक कर रही थी। इस संबंध में थाना डीबीजी रोड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी पहाड़गंज सौरभ ए. नरेंद्र और थाना प्रभारी रणधीर सिंह के मार्गदर्शन में सिद्धीपुरा चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सुमित सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वजीराबाद के मोहम्मद नामिर नामक संदिग्ध का मोबाइल नंबर हासिल किया। चूंकि 9 फरवरी को ‘चॉकलेट डे’ था, इसलिए पुलिस ने एक दिलचस्प योजना बनाई। टीम ने ‘सीक्रेट एडमिरर’ होने का दावा करते हुए ब्लिंकिट के जरिए आरोपी के नंबर पर चॉकलेट का ऑर्डर दिया। जैसे ही आरोपी चॉकलेट की डिलीवरी लेने के लिए निकला, सादे लिबास में पीछा कर रही पुलिस टीम ने मोहम्मद नामिर को वजीराबाद से दबोच लिया।

पूछताछ के बाद उसके साथी फैजान और मोबाइल ठिकाने लगाने वाले बिचौलिए समीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले सदर बाजार से एक स्कूटी चुराई और फिर उससे कई स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट और रिसीवर के साथ कॉल रिकॉर्डिंग जैसे महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले हैं। इस अनूठी कार्रवाई से झपटमारी और चोरी के कुल 5 मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य रिसीवर की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More