मदनपुर खादर में भीषण विस्फोट के बाद मकान में लगी आग, एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे

नई दिल्ली: दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना अंतर्गत मदनपुर खादर की जेजे कॉलोनी में शनिवार तड़के एक रिहायशी मकान में हुए जोरदार विस्फोट और आगजनी ने इलाके को दहला दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य—पति, पत्नी और उनका बेटा—बुरी तरह झुलस गए। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण रसोई गैस सिलेंडर में लीकेज के बाद धमाका माना जा रहा है। धमाका इतना जबरदस्त था कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, घर में भीषण आग लग चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों की पहचान 52 वर्षीय जगदीश (राजमिस्त्री), उनकी पत्नी लक्ष्मी (48) और 26 वर्षीय बेटे ज्योतिष के रूप में हुई है। ज्योतिष नोएडा के एक सैलून में हेल्पर का काम करता है। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में रेफर कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, जगदीश और उनके बेटे ज्योतिष की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन लक्ष्मी का शरीर काफी ज्यादा झुलस गया है और उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।

धमाके के असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को सूचित किया है। घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो। हालांकि स्थानीय लोग इसे सिलेंडर ब्लास्ट बता रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमाका गैस लीकेज से हुआ या किसी अन्य तकनीकी कारण से।

कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मकान के ढांचे और गैस कनेक्शन की वैधता की भी जांच कर रही है। आसपास के पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के समय का सटीक विवरण मिल सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More