नरेला में फैक्ट्री बंद कर घर लौट रहे जूता कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक युवा उद्यमी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 28 वर्षीय रवि के रूप में हुई है, जो नरेला में जूतों के ऊपरी भाग बनाने की फैक्ट्री चलाता था। वारदात उस समय हुई जब रवि अपनी फैक्ट्री बंद कर घर के लिए निकला ही था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछा दिया है।

पुलिस के अनुसार, रवि गौतम कॉलोनी, नरेला में रहता था और DSIIDC नरेला के जे-ब्लॉक में ‘चौधरी एंटरप्राइजेज’ नाम से फैक्ट्री चलाता था। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे रवि ने फैक्ट्री बंद की और चाबियां अपने ठेकेदार सोनू को सौंपी। इसके बाद वह अपने साथी विश्वेंद्र सिंह उर्फ विष्णु के साथ अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकलने वाला था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।

हमलावर रवि को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। उसे तुरंत सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, रवि की गर्दन के बाईं ओर, कंधे और कमर के निचले हिस्से पर चाकू के कई गहरे और जानलेवा घाव पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया।

रवि के बड़े भाई रणवीर सिंह के बयान पर नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मृतक के दोस्त विश्वेंद्र से भी पूछताछ कर रही है, जो वारदात के समय मौके पर मौजूद था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई और व्यावसायिक विवाद था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More