तिलक नगर में बेकाबू कार ने ज़ेप्टो डिलीवरी बॉय को रौंदा, युवक की मौत, चालक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नजफगढ़ रोड पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय ज़ेप्टो डिलीवरी बॉय की जान चली गई। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन की रेड लाइट के पास एक तेज रफ्तार वरना कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। रघुबीर नगर निवासी हेम शंकर (25) अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रहा था, तभी राजौरी गार्डन की ओर जा रही एक तेज रफ्तार वरना कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेम शंकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

तिलक नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक मोहित कुमार (27) को हिरासत में ले लिया है। आरोपी नजफगढ़ का रहने वाला है और पेशे से एमसीडी ठेकेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वरना कार को जब्त कर लिया है। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि कार की गति बहुत तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।

पुलिस ने इस संबंध में लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या की मंशा न रखते हुए मौत कारित करने की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक हेम शंकर के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के समय आरोपी चालक शराब के नशे में था। तिलक नगर थाना पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More