बोर्ड परीक्षार्थियों को नहीं लगना होगा कतार में, दिल्ली मेट्रो सुरक्षा जांच और टिकट में देगी प्राथमिकता

नई दिल्ली: सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले लाखों छात्रों के लिए दिल्ली मेट्रो ने एक बड़ी राहत की घोषणा की है। 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक चलने वाली इन परीक्षाओं के दौरान मेट्रो स्टेशनों पर छात्रों को सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) और टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में नहीं जूझना होगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के साथ मिलकर परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा देने का निर्णय लिया है।

DMRC के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के अनुसार, जो छात्र अपना सीबीएसई एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाएंगे, उन्हें सुरक्षा जांच चौकियों पर प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, यदि किसी छात्र को टिकट या कार्ड रिचार्ज कराना है, तो टिकट ऑफिस मशीनों और कस्टमर केयर केंद्रों पर भी उन्हें कतार में प्राथमिकता दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।

परीक्षा के दिनों में स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए, मेट्रो के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सेंट्रलाइज्ड घोषणाएं की जाएंगी, ताकि छात्रों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी मिल सके। सुरक्षा कर्मियों और स्टेशन स्टाफ को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे छात्रों के साथ सहयोग करें और उन्हें सुगम रास्ता प्रदान करें।

मेट्रो में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही CISF के साथ मिलकर यह रणनीति तैयार की गई है। परीक्षा के समय छात्रों की आवाजाही सबसे अधिक होती है, ऐसे में सुरक्षा जांच में लगने वाला समय उनकी परीक्षा पर भारी पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा जांच के दौरान छात्रों के लिए अलग से ‘प्रायरिटी’ की व्यवस्था की गई है। दिल्ली मेट्रो की इस पहल का अभिभावकों और छात्र संगठनों ने स्वागत किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More