सीलमपुर में गश्त के दौरान अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुरुवार रात गश्त के दौरान एक 18 वर्षीय युवक को अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो कारतूस की मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नए सीलमपुर निवासी अमान के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी कम उम्र में आरोपी के पास यह अत्याधुनिक हथियार कहां से आया और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:00 बजे नारकोटिक्स स्क्वाड के प्रभारी इंस्पेक्टर किरण पाल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मौनवीर, कांस्टेबल शुभम और दीपक की टीम नए सीलमपुर इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक संदिग्ध युवक के बारे में गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध अमान को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से एक अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं।

आरोपी के पास से बरामद हथियारों को जब्त कर सीलमपुर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी से उन लोगों के नाम उगलवाने की कोशिश की जा रही है जो राजधानी में अवैध हथियारों की सप्लाई करते हैं।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गश्त और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पकड़े गए आरोपी अमान के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह पहले भी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा रहा है या नहीं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More