लूट का विरोध करने पर हत्या करने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार; बेगमपुर पुलिस ने खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस की बेगमपुर थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सेक्टर-23 इलाके में हुई एक सनसनीखेज ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी को महज 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लूट का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी और चश्मदीद को घायल कर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े, वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

रोहिणी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव रंजन ने बताया कि 16 फरवरी 2026 की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-23 के पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति लहुलुहान हालत में पड़ा है। मृतक की पहचान अमरनाथ यादव के रूप में हुई। वारदात के समय मौजूद चश्मदीद श्रीराम यादव भी चाकू के हमले में घायल हुए थे, जिनका मोबाइल भी आरोपियों ने छीन लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इलाके के रेहड़ी-पटरी वालों और कूड़ा बीनने वालों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार दो नशेड़ी युवक इलाके में देखे गए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर मांगे राम पार्क निवासी रोहित (29) और पॉकेट-2 निवासी दुर्गेश उर्फ दुर्गी (23) को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लूट के इरादे से निकले थे। जब अमरनाथ ने विरोध किया, तो उन्होंने उसके सीने में चाकू घोंप दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं; रोहित पर पहले से चोरी और लूट के 8 मामले, जबकि दुर्गेश पर लूट और मारपीट के 9 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More